चौसाना में जाता गन्ने से भरा ट्रक । संवाद
झिंझाना। शुक्रवार की बीती रात खेड़की में गन्ने से लदा एक ओवरहाइट ट्रक विद्युत तारों में उलझ गया, जिसके कारण रात भर बिजली आपूर्ति ठप रही। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक की पिटाई कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि चालक ऊन तिराहा के खुले मार्ग से न जाकर चौसाना कस्बे के भीड़भाड़ वाले बाजारों से ट्रक निकालते हैं, जिससे जाम और सुरक्षा दोनों की समस्या पैदा हो जाती है। इस मामले में बिजलीघर चौसाना के जेई आजम अकबर ने चौकी चौसाना में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि ओवरलोड और ओवरहाइट ट्रक लगातार 11 केवी और 33 केवी बिजली लाइनों से टकरा रहे हैं। कई पोल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और तार नीचे लटकने लगे हैं, जो आम जनता के लिए गंभीर खतरा है।
जेई ने पुलिस से ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपील की है, ताकि भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना न हो।