शामली। दिल्ली निवासी युवती ने शामली के युवक पर शादी का झांसा देकर अनैतिक संबंध बनाने का आरोप लगाया। युवती का आरोप है कि आरोपी युवक से उसके दो बच्चे हुए। पीड़िता ने डीएम से कार्रवाई की गुहार लगाई।
कलक्ट्रेट में शुक्रवार को पहुंची युवती ने डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि जब वह 15 वर्ष की थी, उसकी मुलाकात 2021 में शामली के मोहल्ला रेलपार निवासी युवक से हुई। इसके बाद दोनों की दोस्ती हो गई थी। युवक ने 16 फरवरी 2021 में शादी और प्यार का झूठा वादा करके उसके साथ अनैतिक संबंध बनाए। इस दौरान वह गर्भवती हुई तो आरोपी ने दबाव बनाकर उसका गर्भपात करा दिया था। 2022 में आरोपी ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर कहा कि अब वे पति-पत्नी हो चुके हैं।
पीड़िता का कहना है कि बार-बार कहने पर आरोपी ने न तो रजिस्टर्ड और न ही समाज के सामने शादी की। इसी दौरान उसने आरोपी के दो पुत्रों को जन्म दिया। कुछ दिन वे दोनों साथ रहे। इसके बाद आरोपी ने दोनों बच्चों को अपनाने और शादी करने से इनकार कर कर दिया। आरोपी अब न तो उसे अपना रहा है और न ही बच्चों का खर्चा देता है। उसकी जानकारी में आया कि उसके परिवार वालाें ने आरोपी युवक की दूसरी जगह शादी कर उसे कहीं दूर भेज दिया और अब उसे मिलने भी नहीं दे रहे है। पीड़िता का आरोप हे कि उसने आदर्श मंंडी थाने पर शिकायत की तो मामला दिल्ली का बताकर उसे टरका दिया। एसपी कार्यालय पर शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने डीएम से शिकायत कर इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है।