शामली/कैराना/जलालाबाद/थानाभवन। जिले में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान मतदाता सूची में भारी गड़बड़ियां सामने आई हैं। कई मतदाताओं के दो-दो और तीन-तीन जगह वोट दर्ज मिले हैं। वहीं चौसाना क्षेत्र में बीएलओ द्वारा स्कूली बच्चों से एसआईआर से जुड़े फॉर्म छंटवाने का वीडियो वायरल होने पर जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
जिले में एसआईआर अभियान के तहत 9,75,697 मतदाताओं का सत्यापन होना है, जिनमें 5,27,695 पुरुष और 4,47,929 महिला मतदाता शामिल हैं। बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन में लगे हैं।
n कैराना : चार मतदाताओं के मिले डबल वोट : मोहल्ला ऑल कला नंबर चार में बीएलओ सोमपाल ने बताया कि मतदाता नसीम और सलमान की दो-दो वोट संख्याएं मिली थीं, जिनमें से एक-एक नंबर डिलीट कर दिया गया। दरबार कला में भी दो अन्य मतदाताओं के डबल वोट पाए गए, जिन्हें हटा दिया गया है। इसके अलावा समीर के अलग अलग पते पर तीन वोट मिले।
n जलालाबाद : तीन पीढ़ियों को जोड़कर सत्यापन : आर्य नगर में कार्यरत बीएलओ प्रवेश गोस्वामी ने बताया कि फार्म घर-घर और सभासद बैठक स्थलों पर बांटे जा रहे हैं। पहली बार तीन पीढ़ियों को जोड़कर सत्यापन किया जा रहा है। यदि मतदाता या उसके माता-पिता 2003 की वोटर लिस्ट में नहीं हैं तो दादा-दादी का नाम देना अनिवार्य है।
n थानाभवन : 2003 की सूची के अभाव में परेशानी : थानाभवन में मतदाताओं को फार्म में मांगे जा रहे 2003 की सूची के भाग और क्रमांक नंबर के अभाव में दिक्कत हो रही है। कुछ बीएलओ ने मतदाताओं को जनसेवा केंद्र से फॉर्म भरवाने की सलाह भी दी है।
n चौसाना : बच्चों से कराया जा रहा काम, गंभीर लापरवाही : वायरल वीडियो में चौसाना क्षेत्र में बीएलओ द्वारा स्कूली बच्चों से एसआईआर फॉर्म छंटवाते दिखाया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि बीएलओ को घर-घर जाकर कार्य करना चाहिए, लेकिन वे स्कूल में बैठकर छात्रों की मदद से कार्य करा रहे हैं।
एसडीएम ऊन संदीप त्रिपाठी ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है।