शामली। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के दामाद सीएचसी शामली के चिकित्साधीक्षक डॉ. दीपक कुमार के कैंप कार्यालय से साढ़े पांच लाख रुपये चोरी होने के 13 दिन बाद पुलिस को सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस की पांच टीमें चोरी के खुलासे में लगाई गई है।
डॉ. दीपक कुमार दीपावली से पहले दिन 19 अक्तूबर को बुढ़ाना क्षेत्र में स्थित अपने गांव टांडा माजरा गए थे। 21 अक्तूबर को लौटे तो कैंप कार्यालय की अलमारी से साढ़े पांच लाख रुपये चोरी होने का पता चला। शहर कोतवाली में उन्होंने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शक के आधार पर कई युवकों से पूछताछ की, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। चार दिन पहले बुधवार को चोरी का खुलासा न होने पर सीएचसी में ओपीडी बंद कर चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों ने शहर कोतवाली में धरना दिया था।
सीओ सिटी अमरदीप मौर्य के सात दिन में घटना का खुलासा करने के आश्वासन पर धरना खत्म हुआ था। चोरी के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस के साथ ही सर्विलांस समेत पांच टीमें लगी हुई हैं, लेकिन अभी कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है। एसपी एनपी सिंह का कहना है कि चोरी के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। संवाद