झिंझाना। थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में चार लोग घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद सहित 6–7 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मंगलोरा निवासी देवेंद्र ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 20 जनवरी की दोपहर वह अपने खेत से ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लेकर आ रहा था। जैसे ही वह बिडौली चौकी के पास मेरठ–करनाल हाईवे पर पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे इसरार, कासिम व आसिफ निवासी बिडौली सादात तथा 6–7 अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में देवेंद्र के अलावा सुरेंद्र, साहब सिंह और अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि विवाद जमीन से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।