झिंझाना। राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में पकड़े गए झिंझाना निवासी आजाद शेख के संपर्क में रहने वाले कई लोगों से मंगलवार को आईबी और अन्य जांच एजेंसियों ने विस्तृत पूछताछ की। एजेंसियों के अनुसार, जिन लोगों के मोबाइल फोन से आजाद के नंबर पर कॉल की गई थी, उन्हें बुलाया गया। पूछताछ में फिलहाल कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है।
रिमांड पूरा होने के बाद अहमदाबाद एटीएस ने आजाद को जेल भेज दिया। उधर, आजाद के पिता ने बताया कि एटीएस उन्हें अहमदाबाद बुला रही है, लेकिन उनके पास इस समय पर्याप्त पैसे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह रिश्तेदारों और जान-पहचान से पैसे इकट्ठा कर रहे हैं, और रुपये जमा होने के बाद ही बेटे से मिलने के लिए अहमदाबाद जाएंगे।
उधर, आजाद पूर्व में सोनीपत की फैक्ट्री में काम करता था। वहां की पुलिस ने भी उसके संबंध में जांच शुरू कर दी है। आजाद के पिता से भी हरियाणा पुलिस ने आजाद के बारे में जानकारी हासिल की।
पुलिस हाई अलर्ट, जिला में चेकिंग अभियान जारी
झिंझाना। दिल्ली में हुए हालिया धमाके के बाद से जिला पुलिस हाई अलर्ट पर है। मंगलवार को भी पुलिस ने शामली, कैराना, जलालाबाद, थानाभवन, गढ़ीपुख्ता और बाबरी में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। कैराना और बिडौली बॉर्डर पर वाहनों की तलाशी के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी गई।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस द्वारा समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।