शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने शामली में सराफ की दुकान से सोने की चेन और कुंडल चोरी करने के मामले में अंतरजनपदीय गिरोह की महिला सरगना रोशन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के पास से चोरी की चेन और कुंडल बरामद किया, जबकि उसका साथी अभी वांछित है।
एएसपी सुमित शुक्ला ने कोतवाली में प्रेस वार्ता कर बताया कि बीती पांच नवंबर को शहर के गगन विहार के रहने वाले राम संगल की दुकान में महिला और पुरुष खरीदारी के बहाने पहुंचे थे। इस दौरान महिला ने चुपके से सोने की चेन चुरा ली थी। दुकानदार ने जब वस्तुएं गिनीं तो चेन गायब मिली थी। सीसीटीवी फुटेज में महिला चोरी करते हुए दिखाई दी। पीड़ित ने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसी तरह गढ़ीपुख्ता में भी एक महिला और पुरुष ने दुकान से एक जोड़ी सोने की बाली चोरी की थी। पीड़ित सुनार कंवरपाल वर्मा ने गढ़ीपुख्ता थाने पर मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने आरोपी महिला रोशन उर्फ पोपल, निवासी मोहल्ला पक्का बाग पहाड़ी दरवाजा, कस्बा व थाना धामपुर, जनपद बिजनौर को गिरफ्तार किया। वांछित आरोपी बाबू, निवासी मोहल्ला नई सराय पुरान, धामपुर, जनपद बिजनौर की तलाश जारी है। बाबू, रोशन का चाचा है।
पूछताछ में रोशन ने स्वीकार किया कि वह और उसके साथी बाबू ने शामली और गढ़ीपुख्ता में दुकानों से चेन व कुंडल चुराए। वह गहने देखने के बहाने चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।