कैराना। जंधेडी गोशाला में आठ गोवंश कम पाए जाने पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
शनिवार को तहसील समाधान दिवस के अवसर पर बजरंग दल के तहसील अध्यक्ष अमित सिबरवाल के नेतृत्व में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर हंगामा प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया कि गांव जंधेडी में सरकारी गोशाला है। ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव और केयरटेकर गोवंशों की देखभाल नहीं करते हैं। इसके अलावा गोशाला में रजिस्टर से मिलान करने पर आठ गोवंश कम पाए गए। गोशाला में गोवंशों की काफी दुर्दशा हो रही है।
ज्ञापन में आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। आरोप है कि गोवंशों को जुगाड़ में ले जाते हुए गोगा म्हाडी के पुजारी ने देखा था। पुजारी ने जब इसका विरोध किया तो उसे धमकी दी गई। विदित रहे कि एक सप्ताह पूर्व जंधेडी गोशाला की वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें मृत गोवंशों को कुत्ते नोच रहे थे। गोशाला में गोवंशों की खोर में भी चारा नहीं था।
इस मामले में सचिव को निलंबित करते हुए केयर टेकर के विरुद्ध कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस दौरान देवीचंद, रामकुमार, रामनिवास व बनारसी आदि मौजूद रहे।