गढ़ीपुख़्ता। क्षेत्र के गांव गढ़ी अब्दुल्ला खां आग लगने के बाद जला समान । संवाद
गढ़ीपुख्ता। क्षेत्र के गांव गढ़ीअब्दुल्ला खां निवासी सब्जी विक्रेता शादाब के मकान में खाना बनाते समय सिलिंडर फट गया, जिससे मकान की छत उड़ गई एवं दीवारों में दरारें आ गईं। इससे घर में रखे 50 हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवर, लड़की की शादी के लिए रखा घरेलू उपयोग का सामान जलकर नष्ट हो गया।
शनिवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे खुशनुमा घर के कमरे रखे गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। जब उसने सिलिंडर खोला तो उसने तुरंत आग पकड़ ली। उसने सिलिंडर की लपटें देखकर शोर मचाते हुए घर से बहार भागकर जान बचाई। तभी थोड़ी देर बाद सिलिंडर फट गया।
इस हादसे में कमरे छत की उड़ गई व दीवारों में दरारें आ गईं। आग लगने से घर में रखा घरेलू सामान फ्रिज, कूलर, कपड़े धोने की मशीन, बेड, छत व मेज का पंखा, टंकी, बर्तन व सिलाई मशीन आदि सामान के अलावा 25 तोला चांदी व आधा तोला सोने की बाली भी जल गईं। वहीं सिलिंडर फटने की आवाज सुनकर घर में लगी आग पर पड़ोसियों ने पानी डालकर काबू पाया। वहीं खुशनुमा ने बताया कि लड़की की शादी के लिए जरूरी सामान रखा था। घर में रखे 50 हजार रुपये, जो समूह से दो दिन पहले लोन लिया था और संदूक में रखे थे, वे भी जलकर नष्ट हो गए। शादाब ने बताया कि वह सब्जी फेरी बेचने का काम करता है। गनीमत यह रही कि शादाब सब्जी बेचने के लिए बाहर गया था, वहीं बच्चे बाहर पड़ोस में खेल रहे थे।
शादाब ने बताया कि दो दिन पहले ही उज्जवला योजना के तहत गैस सिलिंडर मिला था। उन्होंने प्रशासन से मुआवजा दिए जाने की मांग की। उधर, गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने पहुंचकर जानकारी ली।