झिंझाना के खानपुर जाटान निवासी रवि की मौत पर विलाप करते परिजन। संवाद
झिंझाना। क्षेत्र के गांव खानपुर जाटान मे दीपावली पर मामूली कहासुनी को लेकर हुए विवाद में घायल रवि की मौत हो गई।
गांव खानपुर जाटान में कहासुनी के बाद हुई मारपीट के मामले में राहुल ने पुलिस को तहरीर दी थी कि उसके चचेरे भाई रवि 25 वर्ष के साथ गांव के ही जोगिंदर, सोनू, मंगल, दीपक ने दीपावली पर धारदार हथियार से हमला किया था। रवि गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। उपचार के बाद उसे घर लाया गया, लेकिन शनिवार को रवि की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसको गांव में चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है। युवक की मौत से परिजनों में गम का माहौल है। मृतक अविवाहित था और तीन भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। वह मजदूरी करता था।