शामली के मोहल्ला पंसारियान विलाप करते मृतक के परिजन । संवाद
शामली/बाबरी। बाबरी थानाक्षेत्र में पानीपत-खटीमा हाईवे पर बुटराड़ा के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार हलवाई पिंटू (33) की मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर परिजनों में गम का माहौल बन गया।
शहर के मोहल्ला पंसारियान निवासी पिंटू रविवार सुबह करीब सात बजे घर से बाइक पर सवार होकर हलवाई का कार्य करने के लिए जिला मुजफ्फरनगर के थाना तितावी क्षेत्र के गांव लालूखेड़ी जा रहे थे। जब वह बाबरी थानाक्षेत्र में गांव हाथी करौदा और बुटराड़ा के बीच पहुंचे तो पीछे से आए किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मिंटू बाइक समेत सड़क पर गिर गए और उनकी मौके पर मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस से उनकी पहचान शामली निवासी पिंटू के रूप में हुई। पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। उधर, हादसे की जानकारी मिलने पर परिजनों में गम का माहौल बन गया। परिजनों के मुताबिक मिंटू की पत्नी व आठ साल की पुत्री है। वह दो भाइयों में बड़े थे।पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। इस मामले में परिजनों की तरफ से पुलिस को अभी तहरीर नहीं दी गई है।