शामली/थानाभवन। शहर कोतवाली पुलिस और थानाभवन थाना पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में साइबर के शातिरों की ओर से ठगी गई रकम में से 70 हजार रुपये पीड़ितों के खाते में वापस कराए।
शहर के मोहल्ला गुलशन नगर निवासी इमरान ने बताया कि 28 अगस्त को उसके बैंक खाते से अनजान व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर 58 हजार रुपये की ट्रांजक्शन कर ली है। इसकी शिकायत उसने साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई थी। सीओ सिटी अमरदीप मौर्य ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस और साइबर सेवा केंद्र की टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 50 हजार रुपये वापस कराए हैं और बाकी आठ हजार रुपये वापस कराने की कार्रवाई चल रही है।
एक अन्य मामले में बाबरी थानाक्षेत्र के गांव हाथी करौदा निवासी कुलदीप ने बताया कि वह दिल्ली में जॉब करता है। करीब एक साल पहले एक अक्तूबर 2024 को उसके इंस्ट्राग्राम पर और व्हाटसएप पर ऑनलाइन ट्रेडिंग को लेकर मेसेज आए थे। साइबर के शातिरों ने धोखाधड़ी से उसके बैंक खाते से 1,35,281 रुपये ट्रांसफर करा लिए थे। इसकी शिकायत उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराई थी। इस मामले में बाबरी थाने पर मुकदमा दर्ज हुआ था। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पीड़ित के बैंक खाते को डेबिट फ्रीज कराते हुए 19,999 रुपये की धनराशि उसके खाते में वापस कराई गई है। शेष धनराशि की बरामदगी के लिए पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।