थानाभवन। अवैध टैक्सी स्टैंड की शिकायत पर एआरटीओ के निर्देश पर टीम ने दिल्ली–सहारनपुर हाईवे मार्ग पर सघन जांच की। इस दौरान 21 वाहनों का चालान किया गया और लगभग तीन लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
शिकायतकर्ता शोएब अहमद ने नगर पंचायत व एआरटीओ को शिकायत दी थी कि उनके प्रतिष्ठान के सामने अवैध टैक्सी स्टैंड बना हुआ है, जिससे राहगीरों व व्यापारियों को परेशानी हो रही है। इस पर आरटीओ शामली रोहित राजपूत ने मामले की जांच का आदेश दिया।
जांच में पाया गया कि मुख्य मार्ग पर कई वाहन बिना टैक्सी परमिट के खड़े थे और टैक्सी संचालन कर रहे थे। पांच वाहनों पर धुंधली प्लेट, दस वाहनों पर ओवरलोडिंग और एक वाहन पर बिना परमिट टैक्सी संचालन करने के आरोप में चालान किया गया। साथ ही जाति सूचक शब्द लिखे वाहनों को भी नोटिस दिया गया।
एआरटीओ रोहित राजपूत ने कहा कि अभियान जारी रहेगा। उधर, दुपहिया और तिपहिया वाहनों पर जाति लिखने वालों के खिलाफ शामली, कैराना, जलालाबाद, ऊन में पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 60 के चालान किए गए।