कैराना। मोहल्ला दरबार कला निवासी संविदाकर्मी लाइनमैन को 14 अक्तूबर को साइबर ठग ने काल करके उसके खाते से आठ लाख 57 हजार 458 रुपये निकाल लिए थे। मामले में साइबर सेल की टीम ने पीड़ित के खाते से गई रकम में से तीन लाख 20 हजार 998 रुपये होल्ड करा दिए।
मोहल्ला दरबार कला निवासी अजेश कुमार ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था कि 14 अक्टूबर की शाम अज्ञात नंबर से काल आयी थी, जिसने अपने आपको पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बताया था। आरोपी ने एपीके फाइल भेजते हुए मोबाइल फोन की सारी जानकारी लेने के बाद अजेश के खाते से आठ लाख 57 हजार 458 रुपये निकाल लिए थे।
साइबर सेल ने मामले में कार्रवाई शुरू की तो पता चला कि पीडित के खाते से पश्चिमी बंगाल के जनपद मुर्शीदाबाद में दो अलग अलग खातों में रकम गई थी। जिस पर साइबर सेल ने एक खाते में दो लाख 999 रुपये तथा दूसरे खाते में एक लाख 19 हजार 999 रुपये होल्ड करा दिए। बाकी रुपयों की वापसी के लिए प्रयास जारी है।