बागपत। शामली जिले के बहावड़ी गांव के हिस्ट्रीशीटर विक्की उर्फ विवेक की हत्या के आरोपी प्रिंस मलिक को शनिवार को न्यायालय में पेश नहीं किया गया। हरियाणा पुलिस उसे न्यायालय नहीं लाई। अब दोघट पुलिस रोहतक जेल में फिर से रिमाइंडर दाखिल करेगी।
विक्की उर्फ विवेक की हत्या 10 मार्च की रात दोघट के धूम सिंह फार्म हाउस में हुई थी। वह शामली जिले के बहावड़ी गांव की पूर्व प्रधान बबली देवी का पति था। हत्या के बाद लोगों ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने इस मामले में शामिल कई अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। प्रिंस मलिक इस हत्याकांड में नामजद आरोपी है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसे रोहतक जिले के सांपला थाना पुलिस ने तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। जांच अधिकारी केवल सिंह ने बताया कि शनिवार को आरोपी प्रिंस को न्यायालय में तलब किया गया था। हालांकि हरियाणा पुलिस उसे न्यायालय में पेश नहीं कर पाई। संवाद