शामली। नगर पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल का एक महिला से आपत्तिजनक बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में छह सभासदों ने पालिकाध्यक्ष पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मरवाने की आशंका जताई है। सभासदों ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
एक सप्ताह पहले सोशल मीडिया पर पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल का महिला से आपत्तिजनक शब्दों का वीडियोकॉल सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें पालिका चेयरमैन ने सभासद पर साजिश का आरोप लगाया था।
शनिवार को सभासद निशिकांत संगल ने शहर कोतवाली में आयोजित थाना समाधान दिवस में शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह और अन्य पांच सभासद अनिल उपाध्याय, अजीत निर्वाल, राजीव गोयल, सभासदों के पति पंकज गुप्ता व सेठपाल पालिका में हो रहे भ्रष्टाचार के विरुद्ध जांच की मांग कर रहे हैं।
यह बात पालिकाध्यक्ष को नागवार गुजरती है। सभासदों का कहना है कि अश्लील वीडियो व चैट के प्रकरण से उन सभी छह सभासदों का कोई लेना देना नहीं है। फिर भी उनकी छवि खराब करने के लिए एक मैसेज व्हाट्सएप के माध्यम से अनेक ग्रुपों पर अरविंद संगल द्वारा बार-बार भेजा जा रहा है और षड्यंत्र के तहत किसी झूठे मुकदमे में फंसाने की फिराक में है।
इससे पूर्व भी पालिकाध्यक्ष ने उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करा रखा है। सभासदों आरोप लगाया पालिकाध्यक्ष उन्हें जान से भी मरवा सकते हैं। सभासदों ने पुलिस से उनकी छवि खराब करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज करने और अरविंद संगल के व्हाटसएप कॉल, व्हाटसएप चैट और कॉल डिटेल निकलवाकर कार्रवाई करने की मांग की। कोतवाली पुलिस का कहना है कि सभासदों की तरफ से शिकायती पत्र मिला है। मामले की जांच की जा जाएगी।