शामली। जिले में अभी तक मिले एक मात्र कोरोना संक्रमित युवक उपचार के बाद ठीक हो गया है। उसकी सैंपल की लगातार दो बार की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। एहतियात के तौर पर उसे अभी आइसोलेशन वार्ड में ही रखा गया है। तीन दिन बाद उसे आइसोलेशन वार्ड से छुट्टी मिलने की उम्मीद बन गई है।
कस्बा कैराना निवासी युवक के कोरोना संक्रमित मिलने 24 मार्च को सीएचसी शामली के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। वह 15 मार्च को दुबई से अपने घर लौटा था। स्वास्थ्य टीम ने 20 मार्च को उसका सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ भेजा गया था। लखनऊ से मिली जांच रिपोर्ट में युवक को कोरोना पॉजिटिव मिलने पर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। तब से आइसोलेशन वार्ड में युवक की जांच और उपचार चल रहा है। सीएमओ डॉ. संजय भटनागर ने बताया कि चार दिन पहले युवक का दूसरी बार सैंपल जांच के लिए मेरठ भेजा गया था। जिसमें सैंपल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इससे पहले भेजे गए सैंपल की जांच रिपोर्ट भी नेगेटिव आई थी। दोनों बार जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने पर युवक अब ठीक हो गया है।
सीएमओ का कहना है कि एहतियात के तौर पर अभी युवक को आइसोलेशन वार्ड में ही रखा जाएगा। ताकि उसमें फिर से कोरोना वायरस सक्रिय होने की किसी तरह की गुंजाइश न बचे। विदेश से लौटने के 21 दिन तक उसे आइसोलेशन में ही रखा जाएगा। शुक्रवार को उसे 18 दिन पूरे हो गए हैं। उसके पूरी तरह स्वस्थ होने पर तीन-चार दिन बाद उसे आइसोलेशन वार्ड से डिस्चार्ज कर घर भेज दिया जाएगा। इसके बाद वह अपने घर पर ही क्वारंटीन में रहेगा, ताकि उसे या उसके परिवार के किसी सदस्य को किसी तरह की कोई परेशानी न आए।