शामली में सुनसान पड़ा गांधी चौक बाजार।
- फोटो : SHAMLI
शामली। बढ़ रहे कोरोना का असर बाजार में भी नजर आने लगा है। बीते दो-तीन दिन से बाजार में भीड़ कम हो रही है। जाम से जूझने वाली शहर की सड़कों पर अब वाहनों के साथ ही पैदल आवाजाही कम हो गई है। दुकानदार कोरोना संक्रमण के साथ ही रमजान और पंचायत चुनाव को भी भीड़ कम होने का कारण बता रहे हैं।
शुक्रवार को शहर में भीड़भाड़ कम नजर आई। नगर के प्रमुख बड़ा बाजार, माजरा रोड, एमएसके रोड, वीवी इंटर कॉलेज रोड, कबाड़ी बाजार समेत अन्य बाजारों में सामान्य दिनों के मुुकाबले कम लोग नजर आए। व्यापारी रवि गोयल का कहना है कि कोरोना की वजह से कारोबार पर असर पड़ने लगा है। लोगों से घरों से बाहर निकलना कम कर दिया है। अब लोग बेहद जरूरी होने पर ही बाजार में खरीदारी करने आ रहे हैं।
बर्तन व्यापारी राजेंद्र प्रसाद का कहना है कि रमजान और चुनाव के कारण भी दिन में बाजार में भीड़ कम हो रही है। नमकीन विक्रेता मोहित कांबोज का कहना है कि लोग कोरोना संक्रमण को लेकर घरों से कम निकल रहे हैं। इसका असर व्यापार पर आने लगा है।
पंसारी दीपक नामदेव कहते हैं कि बढ़ रहे कोरोना संक्रमण में कोविड-प्रोटोकॉल का पालन जरूरी है। दुकानदार इसका पालन करते हुए काम कर रहे हैं। व्यापारी सुरेश बजाज का कहना है कि बाजार में बीते कुछ दिनों से भीड़ कम आ रही है। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। बढ़ रहे कोरोना की वजह से लोग घरों से कम निकल रहे हैं। इसके साथ ही गांव में चल रहे चुनाव, गेहूं कटाई के कारण भी लोग शहर में कम आ रहे हैं।