शामली। आदर्शमंडी पुलिस ने गांव बधेव में वोटरों को अपने समर्थन में वोट करने के लिए बांटी जा रही करीब तीन क्विंटल मिठाई जब्त की है। पुलिस ने प्रधान पद की प्रत्याशी मधु देशवाल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि शुक्रवार को थाना आदर्श मंडी पुलिस को सूचना मिली कि गांव बधेव में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए वोटरों को अपने समर्थन में वोट करने के लिए मिठाई वितरित किए जाने की सूचना मिली। पुलिस द्वारा गांव बधेव में तत्काल पहुंचकर जांच पड़ताल की तो प्रधान पद की प्रत्याशी मधु देशवाल पत्नी अनिल देशवाल व उनके समर्थकों द्वारा मिठाई वितरित किया जाना पाया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही प्रधान पद की प्रत्याशी और समर्थक फरार हो गए। पुलिस ने करीब दो क्विंटल लड्डू और चार भगोनों में भरे करीब 80 किलो रसगुल्ले बरामद किए। थाना आदर्श मंडी पर मधु देशवाल और उनके समर्थकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले प्रत्याशियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई करने के साथ ही उनके उनके नामांकन निरस्त कराने की भी कार्रवाई कराई जाएगी।