शामली। अमर उजाला के हैलो हैलो डॉक्टर कार्यक्रम के तहत शनिवार को जिले के लोगों की फोन पर स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान कराया गया। जिला संयुक्त चिकित्सालय के जनरल फिजिशियन डॉ. समद अली ने कार्यालय में दोपहर एक बजे से दो बजे तक मौजूद रहे।
उन्होंने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना और परामर्श दिया। उन्होंने सभी मरीजों को सलाह दी कि लक्षण नजर आने पर स्वयं दवा लेने से बचें और चिकित्सक की सलाह से जांच और उपचार कराएं।
सवाल : मेरी मां को बीपी की समस्या रहती है, क्या करें। (शेखर, जलालाबाद)
जवाब : मरीज को जिला अस्पताल लेकर आ जाएं। कोलेस्ट्राल की जांच कराएं। जिला अस्पताल में निशुल्क जांच और दवा की सुविधा उपलब्ध है।
सवाल : बाइक चलाने पर खांसी की समस्या रहती है, ठंड में ज्यादा समस्या रहती है। (विपिन, महावतपुर)
जवाब : जिला अस्पताल में आ जाएं। एक्सरे और खून की जांच भी करानी होगी तब तक दवा ले और सावधानी बरतते हुए धूल-मिट्टी से बचाव करें। घर से बाहर मास्क का प्रयोग जरूर करें।
सवाल : मेरी उम्र 18 साल है। बचपन से ही जुकाम रहता है, छींक भी आती है। (अश्विन, कुड़ाना)
जवाब : आपको साइनस की दिक्कत हो सकती है। एलर्जी भी हो सकती है। एक्सरे कराना पड़ेगा। जिला अस्पताल में आकर मिल लें। गर्म पानी की भाप लेने से आराम मिलेगा।
सवाल : बाल सफेद हो रहे हैं, क्या करें। (रोहित कुमार)
जवाब : जिला अस्पताल में आ जाइए, जांच करानी होगी। इसके बाद उपचार शुरू किया जाएगा।
सवाल : एक सप्ताह से बुखार की शिकायत थी, अब खांसी भी है। (विकास, बाबरी)
जवाब : यह वायरल फीवर है। पैरासिटामोल ले, सिट्राजीन भी ले सकते हैं। गर्म पानी की भाप लें। तीन-चार दिन में बुखार उतर जाएगा। इसके बाद भी बुखार ठीक नहीं होता तो जिला अस्पताल में आकर मिले।
सवाल : सीने में दर्द रहता है, खांसी के साथ बलगम आ रहा है। खांसी में आराम नहीं लग पा रहा। (रवि, कांधला)
जवाब : एक्सरे व ईसीजी की जांच कराएं। जांच जिला अस्पताल में आकर मिलें। दवाइयों से आराम लग जाएगा। गर्म पानी की भाप जरूर लें, इससे आराम मिलेगा।
सवाल : 15 दिन से बुखार है, पीले रंग का बलगम भी आता है। (पंकज कुमार, जलालाबाद)
जवाब : फेफड़ों में संक्रमण हो सकता है। रक्त, बलगम की जांच कराएं। जिला अस्पताल में आकर उनसे मिले। अस्पताल में दवा व जांच की की सुविधा निशुल्क है।
सवाल : कई दिन से सिर में दर्द रहता है, बिना दवाई के दर्द ठीक नहीं होता। (राजेश कुमार, झिंझाना)
जवाब : ब्लड प्रेशर चेक कराएं और आंखों की जांच करा लें। आंखों में कमजोरी के कारण भी दर्द हो सकता है। जिला अस्पताल में आकर दिखाएं। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही उपचार शुरू किया जाएगा।
सवाल : सीधे हाथ में ज्यादा दर्द रहता है, कई बार दिक्कत ज्यादा हो जाती है। (अमित, ऊन)
जवाब : यह मांस पेशियों का दर्द हो सकता है। दवा ले सकते हैं। जिला अस्पताल में आकर मिले।
सवाल : जाड़ में दर्द रहता है, तीन माह से समस्या है।(ऋषिपाल, कांधला)
जवाब : जाड़ खोखली हो सकती है। जिला अस्पताल आओ। जांच कराने के बाद उपचार शुरू किया जाएगा।
सवाल : खाना खाने के बाद शौच जाना पड़ता है। (सोहन, कुड़ाना)
जवाब : आंतों में सूजन हो सकती है। अल्ट्रासाउंड कराएं। दही-छाछ का सेवन करें। जिला अस्पताल में कमरा नंबर 34 में आकर दिखाएं। दवाइयां निशुल्क उपलब्ध है।
सवाल : मेरी उम्र 50 साल है। सीधे पैर और कूल्हे में दर्द रहता है। (राजकुमार भारद्वाज, शामली)
जवाब : साइटिका का दर्द हो सकता है। जिला अस्पताल में आकर दिखा ले। सीटी स्कैन कराकर उपचार शुरू कर दिया जाएगा।
सवाल : हेपेटाइटिस बी के लक्षण आए थे। उपचार भी कराया, मगर आराम नहीं लगा। (सोनू चौधरी, बिडौली)
जवाब : जिला अस्पताल में रिपोर्ट लेकर आ जाएं। जांच रिपोर्ट के आधार पर उपचार कराया जाएगा।
सवाल : मेरा वजन बढ़ रहा है, क्या करें। (शमशाद, ऊन)
जवाब : थॉयराइड की समस्या हो सकती है। जांच कराएं। चिकनाई, तली-भुनी चीजों का परहेज करें।