शामली मिल रोड जैन स्थानक में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी । संवाद
शामली। भारत विकास परिषद शामली मिलाप द्वारा आयोजित दो दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता में पहले दिन सीनियर और जूनियर वर्ग के कुल आठ खिलाड़ी सेमीफाइनल में पहुंचे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने तीन राउंड में शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
पहले दिन सीनियर वर्ग में डॉ. अंकित गुप्ता, अधिवक्ता दीपक वशिष्ठ, अंकित कुमार और शिखर गोयल ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं जूनियर वर्ग में विवान, माधव अग्रवाल, शौर्य जैन और अभिनव संगल ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए सेमीफाइनल मुकाबले में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पालिका चेयरमैन अरविंद संगल ने फीता काटकर किया। उन्होंने प्रतिभागियों को मेहनत और लगन के साथ खेलते रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष सरल माधव, क्षेत्रीय संयोजक आलोक भटनागर, लव तरार, प्रशांत कुमार आदि परिषद पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता को बच्चों एवं युवाओं के बौद्धिक विकास के लिए उपयोगी बताते हुए आयोजन की सराहना की।
परिषद के सचिव प्रदीप संगल ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न शाखाओं, संस्थाओं और विद्यालयों के कुल 54 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे, जबकि प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सत्र संयोजक अनुज जैन, अध्यक्ष श्याम कुच्छल, वित्त सचिव आकाश सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।