शामली। पूर्वी यमुना नहर के किनारे डीएम आवास कॉलोनी के पास प्रस्तावित एसपी आवास निर्माण को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। निर्माण एजेंसी सिडको को निर्माण कार्य के लिए तीन निर्माण कंपनियों के ऑनलाइन टेंडर प्राप्त हुए हैं। अब टेंडरों की जांच के बाद ठेकेदार का चयन किया जाएगा। अनुबंध प्रक्रिया पूरी होने के बाद सितंबर से निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
पूर्वी यमुना नहर के किनारे बधेव गांव के जंगल में डीएम आवास कॉलोनी के समीप 9029.27 वर्गमीटर भूमि एसपी आवास के लिए आरक्षित है। शासन ने निर्माण एजेंसी के रूप में सिडको को नामित किया है। सिडको द्वारा तैयार किए गए एस्टीमेट के आधार पर शासन ने 17 मार्च को 2 करोड़ 96 लाख 94 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की थी।
इसके बाद निर्माण एजेंसी ने ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किए, जिनमें तीन निर्माण कंपनियों ने भाग लिया है। सिडको के सहायक अभियंता राहुल सैनी ने बताया कि इसी माह टेंडरों की प्रक्रिया पूरी कर ठेकेदार का चयन कर लिया जाएगा। अगले माह अनुबंध होने के बाद सितंबर में निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
एसपी आवास में होंगी ये सुविधाएं
करीब 420.50 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले एसपी आवास में पांच बेडरूम, ड्राइंग रूम, गेस्ट रूम, किचन, लॉबी, कार्यालय, गार्ड रूम, चारदीवारी, चार संतरी पोस्ट तथा पार्किंग की व्यवस्था होगी।