शामली। शुक्रवार सुबह बुढ़ाना रोड स्थित ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के साथ ही पटेल नगर क्षेत्र की लाइन में भी फाल्ट हो गया था। इससे झिंझाना रोड, पटेल नगर, बुढ़ाना रोड, सीबी गुप्ता कॉलोनी, मिल रोड, वर्मा मार्केट और दिल्ली रोड समेत कई क्षेत्रों में सुबह छह बजे से करीब दस बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। सूचना मिलने पर ऊर्जा निगम की टीम मौके पर पहुंची और फाल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल की।
बिजली आपूर्ति बाधित रहने से काजीवाड़ा और सीबी गुप्ता कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों में सुबह पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही। लोगों का कहना है कि आए दिन फाल्ट के कारण घंटों बिजली कटौती होती है, लेकिन विभाग स्थायी समाधान नहीं कर पा रहा है।
14 करोड़ खर्च, फिर भी नहीं सुधरी व्यवस्था
ऊर्जा निगम ने हाल ही में जर्जर लाइनों को बदलने और ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने पर करीब 14 करोड़ रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद शहर में फाल्ट और बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है।
भाकियू के प्रदेश संगठन मंत्री मास्टर जाहिद ने कहा कि कार्यों के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। इसी कारण आए दिन फाल्ट होने से लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। इस मामले में जिलाधिकारी से शिकायत की जाएगी।
गर्मी के मौसम में अधिक लोड के कारण कई बार फाल्ट हो जाते हैं। सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजकर आपूर्ति जल्द बहाल कराई जाती है। जर्जर लाइनों के सुधार के लिए प्रस्ताव भेजा गया है और जल्द ही आवश्यक कार्य कराया जाएगा। -वीरेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता