कैराना। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर यूपी-हरियाणा को जोड़ने के लिए फोरलेन पुल का निर्माण शुरू हो गया है। यह पुल कैराना के पास स्थित पुराने पुल के पास ही बनाया जा रहा है। सोमवार को नेशनल हाईवे के इंजीनियर्स ने रिंग मशीन से पुल के पिलर फाउंडेशन के लिए बोरिंग का कार्य कर दिया।
यूपी-हरियाणा को जोड़ने पानीपत-खटीमा हाईवे पर यमुना नदी पर 1960 में 49.99 लाख की लागत में 450 मीटर का पुल बनाया गया था। यह पुल इस समय काफी जर्जर हो चुका है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सरकार की ओर से पानीपत से वाया शामली, मुजफ्फरनगर से बिजनौर के नगीना तक नेशनल हाईवे 709 एडी का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। सोमवार को हरियाणा की ओर से पुल के बराबर में बड़ी रिंग मशीन और जेसीबी मशीन पहुंची। एनएच के इंजीनियर सत्यप्रकाश तिवारी की देखरेख में पूजा-पाठ और मिठाई बांटकर फोरलेन पुल निर्माण के कार्य का शुभारंभ किया गया। रिंग मशीन ने यमुना पुल के पिलर फाउंडेशन के लिए जमीन में बोरिंग करना शुरू कर दिया। इंजीनियर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि पुराना पुल 450 मीटर का था, जबकि अब नया पुल फोरलेन बनेगा और इसकी लंबाई 500 मीटर होगी। पुल के पिलर फाउंडेशन के लिए मशीन द्वारा बोर टेस्ट का कार्य शुरू किया गया है।