शामली। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकारण की टीम ने पुलिस बल के साथ दो स्थानों पर करीब 100 बीघा भूमि पर अवैध रूप से बनाई जा रही काॅलोनियों पर किए गए निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कराया है।
प्राधिकरण के विकास क्षेत्र शामली में सचिव आदित्य प्रजापति ने बताया कि मंगलवार को टीम ने पुलिस बल के साथ गांव मुंडेट में लगभग 60 बीघा भूमि में अवैध रूप से प्लाॅटिंग की जा रही थी। इसी तरह बसंतकुंज में लगभग 40 बीघा भूमि पर अनाधिकृत रूप से प्लाॅटिंग और निर्माण किया गया था। प्राधिकरण की टीम ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कराया।
उन्होंने बताया कि पूर्व में प्राधिकरण की तरफ से नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन भू स्वामियों द्वारा स्वीकृति नहीं लेने के साथ ही कॉलोनियों का निर्माण जारी रखा। टीम में प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता विनीत अग्रवाल, सहायक अभियंता अजय कुमार जैन, अवर अभियंता अवनीश गर्ग व राजीव कोहली शामिल रहे।