शामली कलक्ट्रेट सभागार में कांवड़ यात्रा के संबंध में बैठक आयोजित बैठक में भाग लेते आयोजक।
- फोटो : SHAMLI
शामली। सावन मास की कांवड़ यात्रा को लेकर अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा आयोजकों के साथ बैठक लेकर सुझाव मांगे। बैठक में कोविड-19 महामारी को लेकर कांवड़ यात्रा न होने पर सहमति जताई।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में थानावार कांवड़ यात्रा के आयोजकों के साथ बैठक में डीएम जसजीत कौर ने कहा कि पूरे देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी जैसी बीमारी फैली हुई है। आसपास के जनपदों की स्थिति भी ठीक नहीं है। कोरोना वायरस के दृष्टिगत जनपद सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में कांवड़ के जिम्मेदार लोगों ने इस बार कांवड़ यात्रा ना हो, उसकी सहमति जताई है। उन्होंने जनपद के लोगों से अनुरोध किया कि देश में फैली इस महामारी के चलते और स्वास्थ्य हित को देखते हुए इस बार कांवड़ यात्रा कार्यक्रम ना हो। बैठक में प्रतिभागी कांवड़ आयोजकों सुझाव रखते हुए स्वास्थ्य हित में इस बार कांवड़ यात्रा न होने पर सहमति जताई। इस अवसर पर एसपी विनीत जायसवाल, एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव, सभी एसडीएम, सीओ सिटी, थानाध्यक्ष और कांवड़ यात्रा के जिम्मेदार प्रतिनिधि मौजूद रहे।