शामली। जिला एवं शहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने और नए पेराई सत्र में गन्ना मूल्य घोषित किए जाने के लिए कलक्ट्रेट पर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने चीनी मिलों को चालू कराने व बिजली कटौती बंद करने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम डीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
बुधवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष वैभव गर्ग के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल के नाम ज्ञापन डीएम ओपी वर्मा को सौंपकर अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण आम किसान त्रस्त है। पिछले सत्र का गन्ना भुगतान न होने के कारण किसान अपने बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं कर पा रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि किसानों के खेत में गन्ना खड़ा है। मिल मालिक द्वारा पेराई सत्र शुरू न करने के कारण रबी की फसल प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पिछले पेराई सत्र का बकाया गन्ना भुगतान अविलंब किए जाने, मौजूदा पेराई सत्र का गन्ना मूल्य घोषित किए जाने, धान का मूल्य कम होने के कारण बढ़ाए जाने व जिले के ग्रामीण, शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति 18-20 घंटे किए जाने की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर सड़क पर उतर कर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन देने में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष वैभव गर्ग, जेके जैन एडवोकेट, जाहिदराज श्यामलाल शर्मा, विक्रांत चौहान, श्रीरामशर्मा, ओमवीर उपाध्याय, बिजेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह मलिक, हरीश चौधरी, रमनशर्मा, राजकुमार, बाबू खा, सुनील शर्मा, श्यामसुंदर शर्मा, लोकेश राणा, विशाल उपाध्याय, ज्योति प्रसाद शर्मा, सईद अहमद, खुर्शीद चौधरी, अमित डिंपल शर्मा, ठाकुर लाखन सिंह, रामपाल सिंह, तासीन मंसूरी, अशोक जैन, यशपाल कपूर, सुधीर पंवार थे।