शामली। बेसिक शिक्षा विभाग शामली में तीन साल पहले कनिष्ठ शिक्षकों को नियम विरुद्ध पदोन्नति देने के मामले में हुई जांच में शिकायतें सहीं पाई गई। जांच अधिकारियों की संयुक्त कमेटी ने शासन को रिपोर्ट भेज दी है। इस मामले में एडी बेसिक को जांच में मिली अनियमितताओं को ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन साल पहले 2018 में बेसिक शिक्षा विभाग शामली में 23 शिक्षकों की पदोन्नति नियम विरुद्ध किए जाने और पात्र शिक्षकों को इस लाभ से वंचित रखने की शिकायत कस्बा बनत निवासी अनुज राणा ने शासन से की थी। शासन के निर्देश पर सहारनपुर के संयुक्त निदेशक माध्यमिक आरपी शर्मा और अपर निदेशक बेसिक योगराज सिंह को संयुक्त रूप से जांच सौंपी गई थी।
शनिवार को जेडी माध्यमिक के मंडल कार्यालय पर जांच कमेटी ने प्रकरण की सुनवाई की। बीएसए शामली गीता वर्मा ने संबंधित शिक्षकों की पत्रावली व अन्य दस्तावेज जांच कमेटी को उपलब्ध कराएं। शिकायतकर्ता अनुज राणा ने भी जांच कमेेटी के सामने साक्ष्यों सहित अपना पक्ष रखा। सुनवाई के बाद जांच पूरी हो गई। जांच में शिकायतों की पुष्टि होना बताया गया।
इस संबंध में संयुक्त निदेशक माध्यमिक आरपी शर्मा ने बताया कि प्रकरण की जांच पूरी हो गई है। उन्होंने जांच गोपनीय होना बताते हुए कहा कि जो शिकायतें की गई थी, वह सही पाई गई। जांच रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। साथ ही एडी बेसिक से कहा गया है कि जांच के दौरान जो अनियमितताएं मिली है, उन्हें ठीक कराया जाए।