ऊन। सुपीरियर फूड प्राइवेट लिमिटेड (ऊन शुगर मिल) में गन्ना पेराई सत्र की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मिल प्रबंधन ने पांच दिसंबर का इंडेंट भी जारी कर दिया है। वही, गन्ना समिति ऊन द्वारा 16 दिन का बकाया भुगतान किसानों के खातों में भेज दिया है।
ऊन चीनी मिल पर किसानों का करीब 53 करोड़ रुपये बकाया हैं। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर क्षेत्र के किसानों ने 59 दिन तक ऊन शुगर मिल पर धरना दिया था, जिस कारण मिल में गन्ना पेराई नहीं हो सकी थी। गत 23 नवंबर को किसानों और मिल प्रबंधन के बीच समझौता हुआ, जिसमें बकाया भुगतान तीन किश्तों में करने पर मिल प्रबंधन ने सहमति जताई थी।
इसके बाद ही किसानों ने धरना समाप्त किया और मिल प्रबंधन ने गन्ना पेराई की तैयारियां शुरू करा दी थीं तथा पांच दिसंबर से गन्ना पेराई शुरू होने की घोषणा कर दी थी। शुगर मिल में रिपेयरिंग का कार्य पूर्ण होने पर शुक्रवार को इंडेंट जारी कर दिया गया।
मिल के गन्ना उपमहाप्रबंधक धर्मवीर सिंह ने बताया कि पांच दिसंबर से गन्ना पेराई शुरू हो जाएगी। पांच दिसंबर के लिए 500 क्विंटल और छह दिसबंर के लिए 20 हजार तथा सात के लिए 25 हजार क्विंटल गन्ने का इंडेंट जारी किया गया है। उधर, ऊन गन्ना समिति ने किसानों का 16 दिन का गन्ना मूल्य भुगतान भेज दिया है।