थानाभवन। प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों साथ समीक्षा करते हुए कहा कि जनपद में चल रहे सड़कों का निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करें।
शनिवार अपने कैंप कार्यालय पर गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली। गन्ना मंत्री ने अधिकारियों से जनपद में बनाई जा रही सड़कों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने समीक्षा करते हुए जनपद की सड़कों की नवीनीकरण सुदृढ़ीकरण और नव निर्माण के बारे में विस्तार से चर्चा की। सभी अधिकारियों से कहा कि जनपद की जितनी भी नई सड़कों का निर्माण होना है, उन सड़कों पर जल्द से जल्द काम शुरू किया जाए। साथ ही जो पिछले समय से अधूरे पड़े काम हैं उनको भी जल्द पूरा किया जाए। बैठक में विभाग के अधिशासी अभियंता रविंद्र कुमार, अवर अभियंता ललित अग्रवाल, अवर अभियंता पीके जैन आदि विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
जल निकासी का समाधान करें
गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने नगर पंचायत थानाभवन के अधिकारियों को कस्बे के चरथावल मार्ग से बनने वाले जल निकासी के लिए नाले के निर्माण को जल्द शुरू करने के लिए कहा। निर्देश दिए कि कस्बे में बरसात से पहले जल निकासी की समस्या खत्म हो जानी चाहिए। कस्बे में बरसात के कारण जलभराव हो जाता है जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
महिला हेल्पलाइन कर्मियों ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन
जनपद में तैनात महिला हेल्पलाइन की अधिकारी पारूल चौधरी ने रिहाना, सलमा, प्रियंका शर्मा के साथ कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कहा कि उन्हें 2017 में जीवीके एमआरआई कंपनी ने नियुक्त किया था। इसके बाद से महिला हेल्पलाइन के अधिकारी पूरे प्रदेश में महिलाओं संबंधी अपराध पर काम कर रहे हैं, लेकिन अब उन्हें पिछले कई माह से सैलरी नहीं मिल रही है और उन्हें कंपनी के डिस्कनेक्ट होने का लेटर थमा दिया गया है। जिससे प्रदेश में सैकड़ों महिला हेल्पलाइन कर्मचारी बेरोजगार हो गई हैं। महिला हेल्पलाइन अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से उनकी दोबारा नियुक्त करने की मांग की।
सरकारी योजनाओं की जानकारी दी
गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कैंप कार्यालय पर शिकायत लेकर पहुंचे लोगों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द ही निस्तारण के आदेश दिए। कैंप कार्यालय पर आने वाले लोगों को उन्होंने कोरोना के बारे में जागरूक करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग के बारे में समझाया। साथ ही उन्होंने बूथ नंबर 170 पर जाकर सरकार की योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया और जो लोग मास्क नहीं लगा रहे थे उन्हें मास्क का वितरण कर कोरोना के खतरे से अवगत कराया। उन्होंने कॉलोनी के ही ट्यूशन पढ़ने जा रहे एक बच्चे के मुंह पर मास्क लगाया और उसे पहनने के लिए प्रेरित किया।