शामली कलक्ट्रेट में अलाव सेकते लोग । संवाद
शामली। जिले में शीतलहर से ठंड बढ़ रही है। दिन में धूप न निकलने से ठंड में लोगों की कंपकंपी छूट रही है। सर्दी बढ़ने के कारण लोग जरूरी काम से ही घर से बाहर निकल पा रहे हैं। अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई जबकि न्यूनतम तापमान स्थिर रहा।
जिले के मौसम में अभी सुधार नहीं हुआ है। एक सप्ताह पहले हुई बारिश के बाद अभी तक धूप नहीं निकल पाई है। लगातार शीतलहर चलने से मौसम ठंडा बना हुआ है। बृहस्पतिवार को भी दिन में धूप नहीं निकली और कोहरा सा छाया रहा।
सुबह से ही ठंडी हवा चलनी शुरू हो गई थी। लोग ठंड से बचने के लिए जहां ऊनी व गर्म कपड़ों में लिपटे रहें, वहीं अलाव पर तापकर ठंड से राहत पाने की कोशिश करते हुए दिखाई दिए।
दोपहर में कुछ देर के लिए हल्की सी धूप निकली। पिछले 24 घंटे में तापमान की स्थिति देखे तो अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होकर 16 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना रहा।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि मेरठ के प्रोफेसर यूपी शाही ने बताया कि पिछले सप्ताह हुई बारिश और पहाड़ों पर हिमपात के कारण शीतलहर जारी रहने के आसार हैं। मौसम अभी शुष्क रहेगा।