शामली। कड़ाके की ठंड लोगों को बीमार कर रही है। रविवार को 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे आरोग्य मेलों में खांसी, नजला और बुखार से पीड़ित मरीजों की कतार लगी।इनमें नजला, खांसी और बुखार के मरीज रहे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उपचार दिया लोगों को ठंड से बचकर रहने की सलाह दी।
शहर के मोहल्ला पंसारियान स्थित अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. सादिया सदफ ने मरीजों की जांच की। उन्होंने बताया कि मौसम में बार-बार बदलाव के कारण नजला, खांसी और बुखार के मरीज ज्यादा रहे हैं। इस मौसम में लोगों को ठंड से बचाव करने की जरूरत है। बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। चिकित्सकों ने बताया कि आरोग्य मेले में 57 मरीज आए। इनमें 20 गर्भवती महिलाओं की जांच कर परामर्श दिया गया। इनके अलावा बुखार के 11 मरीज आए। एलर्जी के पांच, ब्लड प्रेशर और शुगर के तीन-तीन, शरीर में दर्द के 11 और खांसी जुकाम के चार मरीज आए।
मोहल्ला बरखंडी स्थित अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. उदित भटनागर ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया और उन्हें दवा उपलब्ध कराई गई। फार्मासिस्ट मनु शर्मा ने बताया कि आरोग्य मेले में गैस्ट्रो के पांच, एलर्जी के पांच, खांसी जुकाम के छह, शुगर के दो, शरीर में दर्द के 16 और गर्भवती महिलाएं चार आई, जिनकी जांच की गई। चिकित्सक ने बताया कि मरीजों को सुबह-शाम घर के अंदर ही रहकर ठंड से बचाव करना चाहिए। ज्यादा ठंडी व खट्टी चीजों के खाने से परहेज करना चाहिए, यदि किसी को कोई समस्या होती है तो चिकित्सक की सलाह से उपचार कराना चाहिए।