शामली। लघु उद्योग भारती एवं साईमा के चेयरमेन अंकित गोयल के नेतृत्व में जिले के उद्यमियों ने प्रदेश के सूक्ष्म एवं लघु उद्योग मंत्री राकेश सचान से मिलकर शामली औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए 5.2 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कराने की मांग की है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह से शामली शहर के सहारनपुर तिराहे से कैराना औद्योगिक क्षेत्र के बाईपास तक सड़क के चौड़ीकरण के लिए 22 करोड 24 लाख की धनराशि अवमुक्त कराने की मांग की है। रविवार को लखनऊ इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में लघु उद्योग भारती के यूपी और उत्तराखंड के उद्यमियों के महाधिवेशन में साईमा और लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अंकित गोयल ने सूक्ष्म एवं लघु उद्योग मंत्री राकेश सचान से मुलाकात की। मंत्री को ज्ञापन देकर शामली औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ 2 लाख रुपए की धनराशि अवमुक्त कराने की मांग की। मंत्री ने अपने सचिव से फोन पर बात कर धनराशि अवमुक्त कराने के निर्देश दिए। मंत्री को शामली में औद्योगिक केंद्र में निर्माणाधीन जिला उद्योग केंद्र कार्यालय का उद्घाटन करने का न्यौता दिया। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से भी मुलाकात करके जिले में चिकित्सकों की कमी पूरी करने आदि सुविधाओं की मांग की। इस अवसर पर आलोक जैन, अमित जैन आदि मौजूद रहे।