जलालाबाद। कस्बे में स्थित इंडस केयर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीएमओ डॉ. कृष्ण गोपाल ने टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। सीएमओ ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का परीक्षण किया।
सीएमओ ने इमरजेंसी वार्ड और अस्पताल परिसर में साफ-सफाई के अलावा अस्पताल में सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना के तहत भर्ती 16 मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। सीएमओ ने मरीजों से अस्पताल में मिल रहे परामर्श, इलाज और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वच्छता और अनुशासन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि शौचालय के द्वारों पर महिला और पुरुष के संकेत बोर्ड अलग-अलग स्पष्ट रूप से लिखवाए जाएं, ताकि मरीजों और तीमारदारों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सीएमओ ने मौके पर उपस्थित डॉक्टर मोइन उल हक से अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था, स्टाफ की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं को लेकर आवश्यक जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
सीएमओ के साथ अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एसीएमओ डॉ. अथर जमील, काशिफ खान आदि मौजूद रहे।