जलालाबाद। हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना कर खोली गईं मीट की दुकानों को नगर पंचायत ने फिर से बंद करवाकर नोटिस चस्पा करा दिया।कस्बा जलालाबाद में अवैध रूप से चल रही मीट की दुकानों को बंद कराने के लिए पूर्व में हाईकोर्ट ने आदेश जारी किया था।
डीएम ने नगर पंचायत जलालाबाद के अधिशासी अधिकारी को कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसके चलते 18 मार्च को अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र मिश्रा ने पुलिस बल साथ लेकर अवैध रूप से चल रही मीट की दुकानों को नोटिस चस्पा कर बंद करा दिया था। परंतु 10-12 दिन पूर्व उक्त दुकानों को स्थानीय राजनीति के चलते फिर से खोल दिया गया।
जिस पर याचिकाकर्ता आरिफ द्वारा आपत्ति की एवं इसे माननीय हाईकोर्ट के आदेश की अवमानना बताते हुए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को शिकायत की। साथ ही हाईकोर्ट जाने की बात कही।
अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र मिश्रा ने बुधवार को छुट्टी होने के बावजूद नगर पंचायत कर्मचारियों को भेजकर तत्काल उक्त दुकानों को फिर से बंद करा दिया। साथ ही दुकानों के बाहर नोटिस चस्पा कर दुकानदारों को हाईकोर्ट के आदेशों का पूर्ण रूप से पालन करने को कहा गया है। नगर पंचायत की इस कार्रवाई से
मीट दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
मौके पर नगर पंचायत के वरिष्ठ लेखा लिपिक ब्रह्मपाल शर्मा, लिपिक विनोद शर्मा, पवन कश्यप, फारूख, निसार और सलीम आदि कर्मचारी मौजूद रहे।