कैराना। क्षेत्र में आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारी को लेकर मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान कांवड़ मार्ग पर मिट्टी समतल कराने के साथ ही उगी हुई झाड़ियों को साफ कराया गया।
14 से 26 जुलाई तक कांवड़ यात्रा चलेगी। कोरोना की वजह से दो साल बाद हरिद्वार से बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेकर कैराना होते हुए पानीपत-खटीमा राजमार्ग से गुजरेंगे। रविवार को खंड विकास अधिकारी जितेंद्र मिश्र के निर्देश पर एडीओ पंचायत धर्म सिंह के नेतृत्व में कांवड़ मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान मनरेगा के तहत आधा दर्जन मजदूरों के द्वारा कांवड़ मार्ग पर उगी हुई झाड़ियों को साफ कराने के साथ ही गड्ढों में मिट्टी डालवाई गई। वहीं, कांवड़ मार्ग को समतल करने के लिए ट्रैक्टर के जरिए रुटरी भी चलवाई गई। जेसीबी से मार्ग को गड्ढा मुक्त कराया गया। एडीओ पंचायत धर्म सिंह ने बताया कि शासन-प्रशासन के निर्देशानुसार कांवड़ मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया है। इस दौरान ग्राम पंचायत शेखुपुरा कंडेला तथा जगनपुर रोड पर पड़ने वाले कांवड़ मार्ग की सफाई शुरू करा दी है। जल्द ही अन्य ग्राम पंचायतों के अंतर्गत पड़ने वाले कांवड़ मार्ग पर सफाई का कार्य पूरा कर लिया जायेगा।
पुलिस ने वारंटी को गिरफ्तार किया
कैराना। चोरी के पुराने मामले में कोर्ट से गैरहाजिर चल रहे एक वारंटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया। रविवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चोरी के पुराने मुकदमे में कोर्ट से गैरहाजिर चल रहे वारंटी हारून उर्फ कोल्हू निवासी ग्राम रामड़ा थाना कैराना को उसके घर से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। संवाद