शामली। डीएम जसजीत कौर ने विकास कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने पर नाराजगी जताई तथा लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति लाने के निर्देश दिए। प्रगति नहीं लाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बुधवार शाम कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने सिंचाई, विद्युत एवं लोक निर्माण विभाग की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से नई सड़कों के निर्माण की स्वीकृति की जानकारी ली। सड़कों में गड्ढों को तुरंत भरवाने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की सभी योजनाओं में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा किसानों को लाभ देने के निर्देश दिए। डीएम ने पशु चिकित्सा अधिकारी से गोशालाओं में संरक्षित गोवंशों के स्वास्थ्य, टीकाकरण की जानकारी ली। साथ ही जन सहभागिता योजना में दिए गए पशुओं के संबंध में नियमित जानकारी लेने के निर्देश दिए। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अभियान चलाकर गोल्डन कार्ड बनाने को कहा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि सामूहिक विवाह योजना का पिछले वर्ष का लक्ष्य पूर्ण हो चुका है। इस वर्ष 59 विवाह कराने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके लिए पात्रों का चयन करने के निर्देश डीएम ने दिए। पेंशन शिविरों में मिल रहे आवेदनों पर तुरंत कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। डीएम ने डीपीआरओ से स्कूलों में कराए गए कार्यों की रिपोर्ट एक सप्ताह में तलब की। साथ ही डीपीआरओ तथा बीडीओ को गांवों में अतिक्रमण हटवाते हुए तालाबों की विशेष साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। बैठक में 50 लाख से ऊपर के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति लाने के निर्देश दिए।
सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने बताया कि इस वर्ष जनपद में 12 लाख 35 पौधे लगाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। अधिकारियों को लक्ष्य भी दे दिया गया है। इसलिए समय से ही अपनी कार्य योजना तैयार कर लें। बैठक में पीडी ज्ञानेश्वर तिवारी, सीएमओ डा. संजय अग्रवाल, सीवीओ डा. यशवंत सिंह, डीपीआरओ आलोक शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।