शामली में रोडवेज बस अड्डे के सामने जलभराव । संवाद
- फोटो : संवाद
शामली/ऊन। जिले में सुबह को झमाझम बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली लेकिन जलभराव ने परेशानी बढ़ाई। शहर में कई स्थानों पर जलभराव हो गया। अजंता चौक के पास रोडवेज के सामने बुरा हाल हो गया। कबाड़ी बाजार,गोशाला रोड, नेहरु मार्केट में भी पानी भरने से परेशानी हुई। ऊन में भी सुबह तेज बारिश होने से गलियों में जलभराव की समस्या बनी रही। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा।
जिले में मौसम बार-बार बदल रहा है। शनिवार रात में बारिश हुई। रविवार को सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। दस बजे बादल आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद बूंदाबांदी होती रही। शहर में अजंता चौक के बाद रोडवेज बस स्टैंड के सामने सड़क पर बारिश का पानी भरने से यात्रियों को भी परेशानी हुई। आसपास दुकानों के सामने भी पानी भर गया। कबाड़ी बाजार की गली काफी संकरी होने की वजह से जरा सी बारिश में ही पानी भर जाता है। सालों से यह समस्या बनी है लेकिन अभी तक इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। हर साल बरसात में व्यापारी परेशान होते हैं।
ऊन कस्बे व क्षेत्र में रविवार सुबह जमकर बारिश हुई, जिससे कस्बे के चारों तरफ सड़कों पर जलभराव की समस्या बनी रही।पिंडोरा रोड ,जूनियर हाई स्कूल, डीएवी इंटर कॉलेज ,बस स्टैंड से बाजार जाने वाली सड़क परर जलभराव की समस्या बनी रही। जलभराव का मुख्य कारण सरकारी नालों पर अतिक्रमण तथा पॉलिथीन बताया गया है। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी उप्र के अधिकतर जिलों में मौसम मिश्रित रहने और बारिश होने के आसार हैं।
शामली में रोडवेज बस अड्डे के सामने जलभराव । संवाद- फोटो : संवाद