अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉक्टर अशोक कुुमार दुआ ने जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को लोकसभा चुनाव में अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी के साथ निभाएं। चुनाव में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने सीएचसी शामली और निर्माणाधीन जिला अस्पताल का निरीक्षण किया।
बुधवार को अपर निदेशक स्वास्थ्य पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली पहुंचे। उन्होंने सीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीएचसी के दस्तावेजों की जांच करते हुए मरीजों की संख्या, दवा का स्टाक और वितरण की जानकारी ली। एडी हेल्थ ने सीएचसी में बनाई गई हर्बल गार्डन का निरीक्षण किया। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर रमेश चंद्रा ने बताया कि हर्बल गार्डन में करीब 80 पौधे लगे हैं, जिनमें अधिकतर पौधे औषधीय है। एडी हेल्थ ने इसी सराहना करते हुए सीएचसी में साफ-सफाई रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर सीएमओ डाक्टर संजय भटनागर, एसीएमओ डाक्टर सफल कुमार, डीपीएम आशुुतोष श्रीवास्तव, डाक्टर हनीफ अहमद, डाक्टर नताशा, फईम अहमद आदि मौजूद रहे। इसके बाद एडी हेल्थ गांव मुंडेट में पूर्वी यमुना नहर पटरी पर निर्माणाधीन जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला अस्पताल के निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
एसीएमओ डॉ. सफल कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में 50-50 बेड का मेल और फीमेल अस्पताल, इमरजेंसी, बर्न यूनिट और आयुष विंग का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। एडी हेल्थ ने मई के अंत तक निर्माण कार्य पूरा जिला अस्पताल चालू करने के निर्देश दिए। इसके बाद एडी हेल्थ ने ड्रग वेयर हाउस का निरीक्षण करने के बाद सीएमओ आफिस में स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक ली। एडी हेल्थ ने कहा कि जिनकी ड्यूटी चुनाव में लगी है, वे पूरी जिम्मेदारी से निभाएं और जिनकी चुनाव में ड्यूटी नहीं है, वे अपने अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों पर मौजूद रहकर अपनी स्वास्थ्य सेवाएं दे। चुनाव के दौरान कोई चिकित्सक छुट्टी पर नहीं रहेंगे।