लोकसभा चुनाव के मतदान के मद्देनजर सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण को पूर्णत: प्राप्त न करने वाले सेक्टर मजिस्ट्रेटों के विरुद्ध् कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया गया। डीएम अखिलेश कुमार सिंह ने सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वह ईवीएम और वीवीपैट का खोलना, बंद करने की पूर्ण जानकारी रखें। ईवीएम-वीवीपैट का प्रशिक्षण की जो भी जानकारी दी जा रही है उसको सीख लें। प्रशिक्षण पूर्ण गंभीरता से प्राप्त करें, जो भी शंका हो उसका अवश्य समाधान कर लें, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी भी समस्या उत्पन्न न हो। डीएम ने कहा कि मतदान के दिन मॉक पोल कराना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के एजेंट के सामने मॉक पोल कराना अनिवार्य है, अगर राजनीतिक दलों के एजेंट समय पर नहीं आते हैं, तो ऐसी स्थिति में 15 मिनट इंतजार करने के बाद मॉक पोल करना आरंभ कर देना है। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को साफ-साफ शब्दों में कहा कि निर्वाचन के किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए, अगर अधिकारियों द्वारा लापरवाही की गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अवसर पर एडीएम आनंद कुमार शुक्ला, ग्राम्य विकास विभाग के परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, कंडेला जीआईसी के प्रधानाचार्य अमित मलिक, संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।