शामली। उपलब्धियां और योजनाओं का प्रचार-प्रसार जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार ने नया तरीका अपनाया है। इस बार गणतंत्र दिवस पर स्कूलों में बच्चों को शिक्षा मंत्री (माध्यमिक शिक्षा) और शिक्षा निदेशक का संदेश पढ़कर सुनाया जाएगा, जिसमें शिक्षा से जुड़ी उपलब्धियां गिनाई जाएंगी।
उत्तर प्रदेश सरकार के माध्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव और शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) अमरनाथ वर्मा का संदेश सभी जिला मुख्यालय पर भेजा गया है। शिक्षा मंत्री का संदेश पांच पेज का है, जबकि शिक्षा निदेशक का संदेश चार पेज में है। संदेश की प्रति जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से समस्त राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को भेज दी गई है।
निर्देश दिया गया है कि 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) पर प्रात: 10 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके उपरांत शिक्षा मंत्री और शिक्षा निदेशक के संदेश का वाचन किया जाएगा। उसके बाद विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शिक्षा मंत्री बलराम सिंह यादव और शिक्षा निदेशक अमर नाथ वर्मा के संदेश की शुरूआत गणतंत्र दिवस का महत्व और अमर शहीदों, देशभक्तों, महापुरुषों की याद से होती है।
फिर प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख है, जैसे नवीन राजकीय हाईस्कूल बनवाने, 191 मॉडल स्कूलों में से 18 को अभिनव विद्यालय के रूप में संचालित करने, 173 मॉडल स्कूल पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मोड से संचालित कराने, बालिका छात्रावासों का निर्माण कराने, राजकीय विद्यालयों में 6645 टीजीटी (एलटी ग्रेड) शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया चलाने, समान राष्ट्रीय पाठ्यक्रम को लागू करने, खेल प्रोत्साहन कार्यक्रम शुरू करने, निशुल्क कंप्यूटर शिक्षा प्रदान कराने के अलावा 12 उत्तीर्ण करने वाली मेधावी छात्राओं को लैपटॉप देने, बालिकाओं को आत्मसुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से मार्शल आर्ट सिखाने का निर्णय लेने सहित अन्य उपलब्धियां गिनाई जाएंगी।
पूछताछ कर संदिग्धों की तलाशी ली
शामली। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को जीआरपी और आरपीएफ ने ट्रेनों व स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्धों के सामानों की तलाशी ली गई और उनसे पूछताछ की गई।
गणतंत्र दिवस को लेकर सार्वजनिक स्थानों समेत ट्रेनों व रेलवे स्टेशनों पर भी अलर्ट जारी किया गया है। जिसके चलते शनिवार को ट्रेनों में चेकिंग अभियान चला।
पुलिसकर्मियों ने ट्रेनों में सामानों की तलाशी ली और संदिग्ध मिले लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा स्टेशन भी चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिसकर्मियों ने स्टेशन पर रखे सामानों की तलाशी ली। जीआरपी एसओ रंजन शर्मा ने बताया कि गणतंत्र दिवस को लेकर अलर्ट जारी हुआ है। जिस कारण ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। ट्रेनों में रोजाना सघन चेकिंग कराई जा रही है।