शामली। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस माह 2022 को लेकर 11 से 19 मार्च तक बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। बच्चों को ये गोली सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केेंद्रों के माध्यम से खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जनपद स्तरीय अंर्तविभागीय समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चलने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य विभागीय अधिकारियों से भी सहयोग कर कार्यक्रमों केे सफल बनाने में सहयोग मांगा। सीएमओ ने बताया कि जनपद में एक से 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 11 मार्च से 19 मार्च तक खिलाई जाएगी। सीएमओ ने यह भी बताया कि सोमवार से जनपद में नियमित टीकाकरण से छूटे शून्य से दो साल तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं का मिशन इंद्रधनुष 4.0 के अंतर्गत टीकाकरण शुरू हो गया है। यह टीकाकरण एक सप्ताह तक चलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अभियान व कार्यक्रमों का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार, डॉ. आरके सागर, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ, मुख्य सेविका, चिकित्सा अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक मौजूद रहे।