शामली। परिषदीय स्कूलों में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं की आयु सीमा में परिवर्तन किया गया है। इस परिवर्तन से अभिभावकों को राहत मिली है। पिछले साल तक एक अप्रैल तक छह साल की आयु वाले बच्चों को स्कूलों में प्रवेश दिया जा रहा था। इस बार 31 जुलाई तक छह साल की आयु वाले बच्चों को दाखिला मिलेगा।
इस बार कक्षा एक में प्रवेश को लेकर नियमों में बदलाव किए गए हैं। जनपद के परिषदीय स्कूलों में लगभग 85 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत है। 2024-25 शैक्षिक सत्र में 31 अप्रैल तक छह वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चों को ही कक्षा एक में प्रवेश दिए जाने निर्देश जारी किए गए थे। देर से मिले शासनादेश से शिक्षकों में असमंजस की स्थिति थी। हाल यह था कि कई बच्चों को स्कूल में प्रवेश नहीं मिल सका था। बीएसए लता राठौर ने बताया कि जो बच्चे 31 जुलाई तक छह साल की आयु पूरी करेंगे, उन्हें कक्षा एक में प्रवेश दिया जाए। एक अप्रैल से शुरू हो रहे नए शैक्षिक सत्र में अधिक से अधिक प्रवेश पर जोर दिया जा रहा है।
-नामांकन बढ़ने की जगी उम्मीद
बेसिक विभाग के अधिकारी सहित अध्यापक ग्रामीण अंचलों के शत प्रतिशत बच्चों का सरकारी स्कूलों में नामांकन हो, इसके लिए 15 अप्रैल तक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का जिम्मा ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को सौंपा गया है। बीएसए का कहना है इस अभियान से नामांकन जरूर बढ़ेंगे। इस बार 10 से 15 प्रतिशत तक नामांकन बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है।