कांधला। रामलीला के पर्दे पर होने वाले प्रसारण को देखने आने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग करनी होगी। मौके पर एक आइसोलेशन वार्ड बनाया जाएगा। कस्बे के रामलीला मैदान में होने वाले प्रसारण को लेकर शांति समिति की बैठक में इस संबंध में निर्देश दिए गए।
15 अक्तूबर से श्रीराम लीला कमेटी मंडप पंचवटी और कस्बे के पंजाबी धर्मशाला में प्रोजेक्टर पर रामलीला का प्रसारण किया जाएगा। सोमवार को थाने पर शांति समिति की बैठक में एसडीएम कैराना उद्भव त्रिपाठी ने कहा कि रामलीला मंचन में आने वाले सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी और रामलीला स्थल पर कमेटी के द्वारा एक आइसोलेशन वार्ड बनाने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेगी। सीओ कैराना ने कहा कि रामलीला मंचन में दस वर्ष के बच्चे और 65 वर्षीय वृद्ध सहित गर्भवती महिलाओं का प्रवेश नहीं होगा। सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाना अनिवार्य होगा। कार्यक्रम स्थल पर मेले का आयोजन नहीं होगा। बैठक में चेयरमैन हाजी वाजिद हसन, संजीव मलिक, वकील जंग प्रधान, राजपाल सिंह प्रधान, संजीव चौधरी प्रधान, सचिन गोयल, श्रीकांत जैन, पूर्व प्रधान विशेष कुमार, दिलशाद प्रधान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।