थानाभवन (शामली) शुक्रवार दोपहर को चरथावल बस स्टैंड पर दर्जनों की भीड़ में अपने घर पहुंचने की उम्मीद लगाए बैठे तीन परिवारों की खुशियों को रोडवेज बस का पहिया कुचल गया। जैसे ही रोडवेज ने यात्रियों को कुचला तो हाईवे पर हाहाकार मच गया। बड़े लोगों से लेकर छोटे बच्चों की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति का दिल पसीज गया।
जिन तीन परिवारों ने अपने बच्चों को इस हादसे में खोया, वह तीनों ही अपने रिश्तेदारों के यहां से अपने घर लौटने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। इस हादसे ने लुहारी खुर्द निवासी देवीचंद का तो इकलौता चिराग ही बुझा दिया। देवीचंद दो दिन पहले शामली में अपनी बहन के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए पत्नी नीशू व 12 साल के पुत्र रोहित के साथ गया था। शुक्रवार को लौटते वक्त वह चरथावल बस स्टैंड पर मुजफ्फरनगर जाने वाली बस का इंतजार कर रहे थे। हादसे में रोहित की मौत हो गई और नीशू के भी दोनों पैर कुचल गए। उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
-------------
ससुराल गया था मोहित
हादसे का शिकार हुआ दूसरा परिवार बागपत जिले के गांव निरपुड़ा का रहने वाला है। निरपुड़ा निवासी मोहित अपनी पत्नी अंजू, बेटे कार्तिक तीन वर्ष व नौ माह के मयंक के साथ कुछ दिन पूर्व क्षेत्र के गांव युनिसपुर अपनी ससुराल आया था। शुक्रवार दोपहर को वह युनिसपुर से वापस अपने गांव के लिए चला। घटना के वक्त वह चरथावल बस स्टैंड पर शामली जाने वाली बस का इंतजार कर रहा था। हादसे में जहां मयंक की मौत हो गई, वहीं उसकी पत्नी अंजू व बड़ा बेटा कार्तिक अस्पताल में गंभीर हालत में हैं। परिजनों के अनुसार मोहित हरियाणा की किसी निजी कंपनी में काम कर परिवार का पालन पोषण करता है।
-------------
बुआ के यहां जलालाबाद आई थी जूली
हादसे का शिकार हुआ तीसरा परिवार रुड़की के इब्राहीमपुर निवासी प्रवेश का है। प्रवेश की पत्नी जूली का मायका मुजफ्फरनगर के गांव सलेमपुर का है। वह कुछ दिन पहले अपने मायके सलेेमपुर आई थी। यहां से दो दिन पहले जूली अपनी बेटी इशिका व भतीजी जह्नावी को साथ लेकर जलालाबाद अपनी बुआ के यहां आ गई थी। शुक्रवार को जूली भी दोनों बच्चों के साथ वापस सलेमपुर जाने के लिए चरथावल बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी कि रोडवेज बस ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में जूली की बेटी इशिका की मौत हो गई, जबकि खुद जूली व भतीजी जह्नावी को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है।
---------------
अतिक्रमण न होता तो शायद...
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो जिस जगह पर हादसा हुआ वहां लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। यही वजह है कि लोग मजबूरी में सड़क के एकदम किनारे पर खड़े थे। यही वजह रही कि जब रोडवेज बस अनियंत्रित हुई तो लोग जान बचाने के लिए पीछे भी नहीं हट सके। दुर्घटना होने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके से अतिक्रमण को हटवाया।
----------------
प्रेशर पाइप फटने की जताई जा रही आशंका
वैसे तो हादसे की वजह पर अभी तक परिवहन निगम की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है लेकिन बस के अनियंत्रित होने का कारण बस के प्रेशर पाइप का फटना माना जा रहा है। इससे ब्रेक नहीं लगे, जिस कारण बस अनियंत्रित होकर लोगों के ऊपर चढ़ गई।
----------------
हादसे की जांच सौंपी, चालक गिरफ्तार
शामली। थानाभवन में रोडवेज बस के अनियंत्रित होने की जांच तकनीकी सेवा प्रबंधक सहारनपुर राहुल चौधरी को सौंपी गई है। एआरएम मनोज वाजपेयी ने बताया कि हादसे की तकनीकी जांच कराई जाएगी। उधर, पुलिस ने बस चालक अशोक पुत्र महावीर निवासी हरदेव नगर शामली को गिरफ्तार कर लिया है। मृतकों के परिजनों की ओर से एक संयुक्त तहरीर पुलिस को दी गई जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
शामली : थानाभवन सरकारी अस्पताल में घटना की जानकारी लेते एसपी सुकीर्ति माधव।- फोटो : SHAMLI