कैराना। रात में लावारिस हालत में घूम रहे एक दस वर्षीय बच्चे के परिजनों की तलाश की गई। परिजनों के न मिलने पर चाइल्ड लाइन के अधिकारी बच्चे को कोतवाली लेकर पहुंचे। बाद में बच्चे को चाइल्डलाइन के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया।
शनिवार को चाइल्ड लाइन शामली के अधिकारी विनोद कुमार और जीतपाल एक दस वर्षीय बच्चे को लेकर कैराना कोतवाली पहुंचे। उनके साथ कैराना नगर के मोहल्ला घोसा चुंगी निवासी मुंशाद और उसकी पत्नी सितारा थी। महिला सितारा ने बताया कि पांच माह पूर्व उनके मकान के आगे 10 वर्षीय बच्चा लावारिस हालत में घूम रहा था। बच्चे को उन्होंने अपने घर में रखा। जिसके बाद बच्चे ने अपना नाम मनीष बताया। सितारा ने बताया कि बच्चे के हाथ पर तन्नू लिखा हुआ है। बच्चे द्वारा अपना सही पता नहीं बताने के कारण बच्चे के परिजनों का कुछ पता नहीं चल पा रहा है। शनिवार को उनके द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दी गई। जिसके बाद शामली से चाइल्ड लाइन के अधिकारी विनोद कुमार और जीत पाल उनके घर पर पहुंचे। बाद में चाइल्डलाइन के अधिकारी बच्चे को कैराना कोतवाली में लेकर पहुंचे। चाइल्ड लाइन के अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि बच्चा अपने परिजनों का सही पता नहीं बता पा रहा है। बच्चे को अपनी सुपुर्दगी में चाइल्ड लाइन लेकर जा रहे हैं। अगर बच्चे ने अपना पता सही बताया तो उसके परिजनों को बच्चे को सौंप दिया जाएगा, अन्यथा बच्चे को बाल गृह में भेजा जाएगा।