शामली। गांव खेड़ा कुर्तान-लूम मार्ग पर तीन दिन पहले किसान सालिम (57) की मौत के मामले में अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। घटनास्थल बागपत जिले का होने के कारण वहां की थाना छपरौली पुलिस इस मामले की जांच करेगी। उधर, परिजनों ने किसान की हत्या की आशंका जताई थी।
मंगलवार देर शाम खेड़ा कुर्तान निवासी सालिम का शव लूम मार्ग मिला था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की थी। पुलिस की जांच में किसान की मौत बुग्गी से बाइक की टक्कर होने से सामने आया था। हादसे में बाइक पर उनके साथ सेठपाल घायल हुआ था, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृतक सालिम के भाई इमरान और इरफान व अन्य परिजनों ने हरियाणा के एक व्यक्ति से जमीन विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई थी।
इस मामले में कांधला पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि किसान के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। जांच में प्रथम दृष्टया किसान की हादसे में मौत होना सामने आया है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल जिला बागपत के थाना छपरौली क्षेत्र का पाया गया है। इस मामले की जांच वहीं की पुलिस द्वारा की जाएगी। अभी कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।