शामली। जनपद में ओवर स्पीड वाहनों की गति पर अंकुश लगाने के लिए एआरटीओ ने 60 वाहनों के चालान किए। लखनऊ से आई इंटरसेप्टर गाड़ी में लगे तकनीकी सिस्टम से वाहनों की गति मापी गई।
जनपद में हाईवे और लिंक मार्गों पर वाहन निर्धारित गति से अधिक दौड़ते रहते है, जिससे दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। जिले में किसी भी मार्ग पर वाहनों की गति मापने का कोई यंत्र नहीं लगा है। एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि वाहनों की ओवर स्पीड को नियंत्रित करने के लिए लखनऊ से इंटरसेप्टर गाड़ी भेजी गई है। इस कार में वाहनों की गति मापने के लिए तकनीकी सिस्टम लगा हुआ है।
इस गाड़ी के माध्यम से कैराना रोड पर औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी पर, मेरठ-करनाल हाईवे पर, मुजफ्फरनगर मार्ग आदि स्थानों पर वाहनों की गति मापी गई। इस दौरान ओवर स्पीड मिले 60 वाहनों के चालान किए गए।