शामली। रामनवमी के मौके पर श्री हनुमान धाम मंदिर हनुमान टीला से रामायण की भव्य शोभायात्रा बैंडबाजों के साथ निकाली गई। शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह फूल बरसाकर स्वागत किया गया। श्रीराम का जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं ने केक भी काटा।
रविवार सुबह हनुमान टीला स्थित श्रीराम दरबार में नौ दिवसीय रामचरित मानस का पाठ समाप्त हो गया। इसके बाद सुंदर कांड का पाठ किया गया। दस बजे रामायण की भव्य शोभा यात्रा हनुमान धाम से शुरू हुई। शोभायात्रा मार्केट, वीवी इंटर कालेज रोड, फव्वारा चौक, कबाड़ी बाजार, अजुध्या चौक, बड़ा बाजार, गांधी चौक, शिव चौक अग्रसेन पार्क, शामली कोतवाली होते हनुमान धाम पर संपन्न हुई।
शोभा यात्रा में श्रद्धालु सिर पर रामायण लेकर चल रहे थे। गांधी चौक पर श्री रामायण शोभायात्रा पर व्यापारियों, दुकानदारों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। वहीं, श्री हनुमान युवा सेवा संघ हनुमान धाम की ओर से दोपहर 12 बजे श्रीराम का जन्मोत्सव केक काटकर धूमधाम से मनाया। हनुुमान धाम के प्रधान सलिल द्विवेदी ने भगवान श्रीराम दरबार में आरती की।
पंडित वीरेंद्र शास्त्री, प्रभु शंकर शास्त्री, दीपक शास्त्री ने पूजा-अर्चना कराई। पंडित निशांत भागवत पाठक ने भगवान श्रीराम का गुणगान किया। महाआरती के बाद प्रसाद का वितरण और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मौके पर पुनीत द्विवेदी, जोगेंद्र पाल सेठी, मनोज मित्तल, मुकेश कर्णवाल, नमन कर्णवाल, शिवम, गुरुचरण, सागर मित्तल, वंश नामदेव, अमित कुमार, श्री हनुमान युवा संघ के सभी सदस्य उपस्थित रहे।