कैराना। सेंट आरसी सांइटिफिक कान्वेंट स्कूल में घुसकर छात्रों पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर लोगों में रोष है। अभिभावकों ने स्कूल और फिर कैराना कोतवाली पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि घटना को दो दिन हो गए, मगर अब तक हमलावरों की पहचान तक नहीं कराई, जबकि स्कूल के सीसीटीवी में हमलावरों के चेहरे कैद हो गए हैं। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर आरोपियों की पहचान शुरू कराई।
गत शनिवार को सेंट आरसी साइंटिफिक कान्वेंट स्कूल में नववर्ष सेलीब्रेशन कार्यक्रम के दौरान दो छात्रों में मामूली कहासुनी हो गई थी। इसके बाद एक छात्र ने अपने दोस्तों को कॉल कर बुला लिया था। करीब 40 युवकों ने दीवार फांदकर स्कूल में घुसने के बाद छात्रों पर डंडों से हमला कर दिया था। हमले में कई छात्र चोटिल हो गए थे, तो बीच बचाव कराने में अध्यापक भी चोटिल हुए थे।
मामले में स्कूल डायरेक्टर यशपाल पंवार ने अज्ञात 40 हमलावरों के खिलाफ कैराना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते सोमवार को छात्रों के अभिभावक स्कूल पहुंचे। स्कूल प्रबंधक यशपाल पंवार से उनकी बहस हुई। अभिभावकों का कहना था कि हमले के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। आपने स्कूल में लगे सीसीटीवी की फुटेज पुलिस को क्यों नहीं दी। इस पर यशपाल पंवार ने कहा कि अभी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज मांगी ही नहीं है।
इसके बाद अभिभावक कैराना कोतवाली पहुंचे तथा आरोप लगाया कि स्कूल में हमला करने वालों के खिलाफ पुलिस जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रही है। अभिभावकों का कहना था कि ऐसे हालात में हम बच्चों को स्कूल भेजना ही बंद कर देंगे। इसके बाद कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया अभिभावकों के साथ स्कूल गए तथा सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद कहा कि यह फुटेज पुलिस को दे दो।
फिर सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी गई। वहीं, अभिभावकों का कहना था कि पुलिस ने अगर कड़ी कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। इस दौरान करेशन, रोशन, अजय, प्रदीप, सेठपाल निवासी डुंडुखेड़ा, संजय, अनिरुद्ध, सावन, अनिल, जसबीर, राजेंद्र निवासी ऊंचागांव, सोमपाल, अनिल, संदीप निवासी बीनडा, सागर, राहुल, राजेंद्र, निखिल, सौरभ निवासी सहपत, रणबीर, वीनू, भवर सिंह, अक्षय निवासी हिगोंखेड़ी, जितेंद्र, सुशील, अंकित, शुभम, सावन निवासी कंडेला, रणवीर, सेठपाल और धीरा निवासी तीतरवाड़ा मौजूद रहे।
उधर, पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजय पाल शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही जिसको भी चोट आई है, वो अपना मेडिकल कराए तथा अपने बयान दर्ज कराए। मामले में कार्रवाई जरूर की जाएगी।
पहचान होने पर होगी धरपकड़
स्कूल में घुसकर हमला करने वालों के चेहरे सीसीटीवी में कैद हो गए थे। फुटेज मिलने पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू करा दी है। कुछ चेहरे साफ दिखाई नहीं दे रहे, जबकि कुछ साफ दिख रहे हैं। पहचान होने पर पुलिस जल्दी ही आरोपियों की धरपकड़ कर सकती है।